दिल्ली विधानसभा में मंगलवार को भारी हंगामा खड़ा हो गया जिसे देखते हुए स्पीकर ने तीन सदस्यों को मार्शल की मदद से बाहर निकालने का आदेश देना पड़ा। हालांकि इसके बाद भारतीय जनता के पार्टी के तीनों ही विधायकों ने सदन से वाकआउट कर दिया।
बजट सदन के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी के विधायक ओपी शर्मा उग्र हो गए और अपने डेस्क पर लगा माइक उखाड़ दिया। इसके बाद भी वह शांत नहीं हुए और लगातार हंगामा करते रहे।
असल में भाजपा के विधायकों को सरकार द्वारा पेश उस बिल पर आपत्ति थी जिसमें सरकार ने दिल्ली में वैट बढ़ाने का प्रावधान किया है।
इस बिल पर चर्चा के दौरान भाजपा विधायकों ने सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार ने वादा किया था कि वह वैट नहीं बढ़ाएगी लेकिन, अचानक इसे बढ़ाने के लिए बिल पेश करना दिल्ली की जनता के साथ धोखा है।
यह पहला मौका नहीं है जब भाजपा विधायकों के व्यवहार के चलते उन्हें सदन से बाहर किया गया है। इसी सत्र की शुरुआत में आप के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर पर चर्चा की मांग करने और हंगामा मचाने के बाद मार्शलों ने कंधे पर टांग कर उन्हें सदन से बाहर किया था।