सेक्टर डेल्टा-1, नवादा गोलचक्कर के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार बस नेे बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं टक्कर लगने के बाद दूर गिरने से पति बच गया। हादसे में बाद आक्रोशित लोगों ने गोल चक्कर पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।
मूलरूप से गांव सरकथल, थाना शिवाला (बिजनौर) निवासी योगेंद्र एक निजी कंपनी में सफाई कर्मचारी है और परिवार के साथ बिरौंडी गांव में रहता है। उसकी पत्नी बबिता (32) किसी मकान में काम करती थी।
दंपति के पास उनका भांजा गोलू (20) भी रहता है। मंगलवार सुबह लगभग 8:30 बजेे योगेंद्र और बबिता बाइक से अपनेे काम के लिए निकले थे। इस दौरान गोलू बाइक चला रहा था। बताया गया है कि तीनों ने ही हेलमेट नहीं लगाया था।