उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को अब ज्यादा किराया चुकाना होगा। यूपी रोडवेज ने 40 किलोमीटर से ज्यादा दूरी के यात्री भाड़े में 1 रुपये से 5 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है।
खास बात यह कि बढ़े हुए किराये से जुटाई जाने वाली राशि का उपयोग यूपी रोडवेज दुर्घटना के दौरान यात्रियों को राहत पहुंचाने में करेगा। योजना को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए प्रबंध निदेशक के. रवींद्र नायक ने आदेश जारी किया है।
आदेश में कहा गया है कि परिवहन निगम की ओर से यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए 5 अगस्त 2015 और 29 जनवरी 2016 को बैठक की गई। इसमें दुर्घटना के दौरान यात्रियों को आर्थिक मदद के लिए राहत योजना लागू करने की बात तय हुई।
इसी योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए यात्री भाड़े में तत्काल प्रभाव से बढ़ोतरी की जाती है। इस राशि का उपयोग यात्री राहत योजना में किया जाएगा।