नोएडा सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में चल रही रामलीला में एक सिपाही अवैध पार्किंग का संचालन कर रहा था। यहां लोगों से 50 रुपये प्रतिघंटा लोगों से पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा था।
अवैध उगाही करते हुए नौ लोगों को थाना सेक्टर-24 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सिपाही फरार हो गया है और उसे एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने निलंबित कर जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 हजार रुपये नगद और पार्किंग की नकली पर्चियां बरामद की हैं।
नोएडा: पुलिस पर खनन माफिया ने की फायरिंग
पिछले कई दिनों से प्राधिकरण के अधिकारियों को सूचना मिलना मिल रही थी कि नोएडा स्टेडियम में रामलीला में अवैध पार्किंग का कारोबार जोरों पर चल रहा है। पार्किंग के नाम पर प्रति घंटा 50 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। साथ ही रामलीला में दुकान लगाने वाले दुकानदारों से भी अवैध वसूली चल रही थी।
प्राधिकरण पार्किंग इंचार्ज हर्षवर्धन भदौरिया मंगलवार शाम स्टेडियम में पहुंचे तो वहां अवैध पार्किंग चल रही थी। उन्होंने थाना सेक्टर-24 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ओमकार, करण शर्मा, रमेश, रोहित, राजेश, सूरज, रवि शंकर, मोहित, लालू को गिरफ्तार कर लिया है।
इन लोगों ने बताया कि सिपाही रामनरेश यादव के इशारे पर ये अवैध वसूली चल रही थी। सिपाही फरार हो गया और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। सिपाही को एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने निलंबित कर दिया है।
छह दिन तक नहीं लगी भनक
पिछले छह दिनों से लोग आ रहे थे और अधिक से अधिक पार्किंग शुल्क दे रहे थे। इस दौरान जनता तो क्या नोएडा पुलिस को भी इसकी भनक तक नहीं लगी। शहर में अवैध पार्किंग का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। रोज लोग इसका खामियाजा भुगत रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि शहर में अवैध पार्किंग के कारोबार में पुलिस और कुछ नेता भी शामिल हैं।