जामिया मिलिया से उमर गौतम ने इस्लामिक स्टडीज में एमए किया था। इस्लाम की किताबें पढ़ते-पढ़ते वर्ष 1984 में उमर गौतम ने इस्लाम धर्म अपना लिया। इसके बाद उमर जामिया मिलिया इस्लामिया में इस्लामिक स्टडीज विभाग में लेक्चरर हो गए।
उमर गौतम का परिवार फिलहाल के-47, खलीलउल्लाह मस्जिद के पास, बटला हाउस में चौथी मंजिल पर रह रहा है। इनके परिवार में पत्नी रजिया बेगम के अलावा बड़ी बेटी फातिमा तकदीस और दो बेटे मोहम्मद आदिल व मो. अब्दुल्लाह हैं।
फातिमा जामिया हमदर्द यूनिवर्सिटी में लेक्चरर है। वहीं दोनों बेटे पढ़ रहे हैं। वर्ष 1994 में उमर ने जामिया से अपनी नौकरी छोड़ दी। वह 'मरकाजुल मारीफ' (मुस्लिम उलेमाओं की संस्था) के डायरेटर बन गए।
वर्ष 2010 तक उमर ने इस संस्था के साथ जुड़कर काम किया। 2010 में इन्होंने इस्लामिक दावत सेंटर के नाम से अपनी संस्था खोल ली। इस संस्था का उद्देश्य इस्लाम धर्म का प्रचार करना था। लगातार वह अपनी इस संस्था के लिए काम कर रहे थे।
संस्था ने बटला हाउस के जोगाबाई में नूह मस्जिद के पास एक दफ्तर भी खोला हुआ है। वहां से सारे काम चलते हैं। वहीं गिरफ्तार किए गए दूसरा आरोपी मौलाना जहांगीर आलम कासमी परिवार के साथ 23/1, जोगाबाई, बटला हाउस चौक के पास चौथी मंजिल पर रहता है। इसके परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटे व एक बेटी हैं।
लॉकडाउन से पहले तक मौलाना शाहीन बाग स्थित जायद कॉलेज में बच्चों को इस्लाम की शिक्षा देता था। लेकिन पिछले साल से कॉलेज बंद है। वह मौलाना उमर की संस्था से भी जुड़ा हुआ है। इसके करीबियों ने मौलाना जहांगीर के जबरन इस्लाम कबूल करवाने और विदेशी लिंक होने की बात से साफ इनकार किया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस मनगढ़ंत कहानी बना रही है।
पूछताछ के बहाने बुलाया था गाजियाबाद के मसूरी थाने...
उमर गौतम के परिजनों ने बताया कि शनिवार दिन में यूपी पुलिस ने उमर गौतम से संपर्क कर उनको यूपी के गाजियाबाद स्थित मसूरी थाने में पूछताछ के लिए बुलाया था। वहां उमर अपने साथी अंजुम अंसारी के साथ पहुंचे थे। पूछताछ के बाद मौलाना जहांगीर आलम कासमी को भी बुलाया गया। बाद में यूपी पुलिस दोनों को लेकर रवाना हो गई। अंजुम अंसारी ने घर आकर उनके पुलिस की कस्टडी में होने की खबर दी। सोमवार को पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी का खुलासा कर भी दिया। उमर के परिजनों ने मीडिया से बातचीत से साफ इंकार कर दिया। उनसे फोन पर भी संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन बाद में उन्होंने फोन ही बंद कर लिया।