ख्याला थाना पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर के बदमाशों को हथियार मुहैया करवाने वाले गैंग के सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास से चार पिस्टल और 15 कारतूस बरामद किए हैं। उसके पास से एक चोरी की स्कूटी भी मिली है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी से दो मामले सुलझाने का दावा किया है। हथियार यूपी की अलग-अलग जगहों से लाए जाते थे।
जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान रघुवीर नगर निवासी हीरा सिंह (34) के रूप में हुई। हीरा पर पहले से छेड़छाड़ और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी से चोरी और शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज मामले को सुलझाने का दावा किया है।
दिल्ली व एनसीआर में बदमाशों को हथियार मुहैया करवाने वाले बदमाशों की जांच के दौरान ख्याला थाना पुलिस को हीरा गैंग के बारे में जानकारी मिली। ख्याला थाना प्रभारी अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने गैंग के बदमाशों पर निगरानी शुरू की। सोमवार को हीरा के केशोपुर रिंग रोड पर आने की जानकारी मिली। चोरी की स्कूटी से आए हीरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस को चार पिस्टल और 15 कारतूस मिले। उसके पास से मिली स्कूटी राजौरी गार्डन इलाके से चुराई गई थी। हीरा ने पूछताछ में बताया कि उसके गैंग में अर्जुन, विशाल और मनप्रीत शामिल हैं। बदमाशों की मांग के अनुसार अर्जुन उत्तर प्रदेश की अलग-अलग जगहों से हथियार लेकर दिल्ली आता है और फिर हीरा विशाल और मनप्रीत के साथ हथियार का सप्लाई करता है।