दिल्ली की तीस हजारी अदालत ने उन्नाव दुष्कर्म मामले के आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर और उसके साथी शशि सिंह के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया है। अदालत ने दोनों आरोपियों के जेल में बंद होने को लेकर पैदा हुई भ्रम की बात के मद्देनजर आरोपियों को 5 अगस्त को पेश करने के आदेश दिए हैं।
जिला न्यायाधीश दिनेश शर्मा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कुलदीप सिंह सेंगर और उसके साथी शशि सिंह को पांच अगस्त तक अदालत में पेश किया जाए और दोनों अभियुक्ति की वर्तमान स्थिति बताई जाए।
साथ ही अदालत ने मामले में अन्य आरोपियों को 6 अगस्त को अदालत में पेश करने के लिए प्रोडक्शन वारंट भी जारी किया है। इस मामले में अदालत अगली सुनवाई पांच जून सोमवार को करेगी।
यह मामला 4 जून, 2017 को भाजपा से निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर द्वारा उनके आवास पर नाबालिग लड़की के दुष्कर्म से जुड़ा है। सेंगर वर्तमान में उत्तर प्रदेश की सीतापुर जेल में बंद है। वहीं सेंगर के साथी शशि सिंह पर कथित आरोप है कि उसने लड़की को लालच देकर सेंगर के घर तक पहुंचाया था।