संवाद न्यूज एजेंसी नूंह।
शहर में बुधवार को निकली तिरंगा यात्रा ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। पसमांदा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित यात्रा में 500 से अधिक मदरसा छात्र शामिल हुए। छात्रों के हाथों में तिरंगा और कुरान नजर आया। यात्रा यासीन मेव डिग्री कॉलेज से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरते हुए गांधी पार्क पहुंची।
आयोजकों ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य मदरसा शिक्षा को लेकर बनी गलत धारणाओं को दूर करना और देशभक्ति का संदेश देना है। फाउंडेशन सदस्यों ने कहा कि धार्मिक शिक्षा और राष्ट्रप्रेम एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। उन्होंने मदरसों में आधुनिक शिक्षा और कंप्यूटर सुविधाएं बढ़ाने की मांग भी उठाई।
यात्रा में छात्राओं की भागीदारी भी रही। आयोजकों ने कहा कि मदरसे की बेटियां शिक्षा और समाजसेवा के साथ देशहित के कार्यों में भी आगे बढ़ रही हैं। यात्रा ने धार्मिक शिक्षा, आधुनिक शिक्षा और राष्ट्रप्रेम के समन्वय का संदेश दिया।