मानव जीवन भाग्य है तो मानव मानव सेवा सौभाग्य, और इस सौभाग्य का हम सब को लाभ उठाना चाहिए। यह बात केंद्रीय साइंस एंड टेक्नोलॉजी एंड अर्थ साइंस मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शिरडी साईं बाबा टेंपल सोसाइटी की ओर से आयोजित शिक्षाविदें के सम्मान में समारोह में कही।
तिगांव रोड स्थित सोसायटी के सभागार में शनिवार की शाम आयोजित साईधाम ज्ञान पुरस्कार 2015 कार्यक्रम में शहर के 30 प्रमुख शिक्षाविद् सम्मानित किए गए।
उन्हें मुख्य अतिथि डॉ. हर्षवर्धन ने शॉल ओढ़ा और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि यदि हम भारत को विश्व गुरु के रूप में देखना चाहते है तो सभी की भागीदारी अनिवार्य है।
साईधाम के संस्थापक संत मोतीलाल गुप्ता ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने की व्यवस्था की जानी चाहिए।
संस्था के संरक्षक एमएल बिदानी ने शिक्षा के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर बनाए जाने पर जोर दिया। मंच संचालन कर रहे आरडी शर्मा ने डॉ. हर्षवर्धन को ज्ञान विज्ञान सामाजिक, राजनैतिक गुणों का अद्वितीय स्वरूप बताया।