दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में चौथी मंजिल से गिरने के कारण एक महिला की मौत हो गई। मृतक महिला घरेलू सहायिका का काम करती थी। उसे किसी एजेंसी के द्वारा दिल्ली लाया गया था।
गुरुवार को तुगलकाबाद इलाके की एक बिल्डिंग के चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थिती में गिर जाने के कारण उसकी मौत हो गई। जिस एजेंसी के सहारे महिला को दिल्ली लाया गया था, उसका कार्यालय भी उसी बिल्डिंग में है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उस कंपनी के मालिक से पुछताछ कर मामले की जांच में जुट गई।
जांच में पता चला कि महिला को 9 अगस्त को अररिया से दिल्ली लाया गया था। उसका परिवार गांव में रहता है। परिवार चलाने के लिए उसे नौकरी की सख्त जरूरत थी। महिला को लेकर सभी लोग अलग-अलग बातें कर रहे हैं।
एजेंसी की ओर से महिला को गुरुग्राम के एक घर में काम दिलाया गया लेकिन वह काम भी उसके हाथ से छिन गया। रविवार को उस घर के मालिक ने एजेंसी को फोन पर कहा कि महिला उसके घर के काम करने के योग्य नहीं है। इसके बाद भी महिला एजेंट के अधिकारियों के सामने नौकरी दिलाने का आग्रह करती रही।
एजेंसी ने उसे रहने के लिए एक कमरा दिलाया था। मृतिका के साथ रहने वाली एक अन्य महिला ने बताया कि वह मानसिक तनाव से गुजर रही थी। वह कई बार आधी रात में भी उठ कर परेशान हो जाती थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार वालों को घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।