हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना व्यायामशाला को लेकर कवायद तेज हो गई है। खंड के पांच गांव बदरौला, अरूआ, कौराली, सिकरौना और एक अन्य गांव में इस वर्ष व्यायामशाला बनाई जाएगी।
इन चयनित गांवों में से कौराली और बदरौला में व्यायामशाला बनाने के लिए 40 लाख रुपये का अनुदान भेज दिया गया है। हर गांव में 20-20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
दरअसल, सरकार की योजना के मुताबिक जिले में 10 गांवों में व्यायामशाला बनाने की योजना है। इस योजना के तहत जिला फरीदाबाद से 33 गांवों में व्यायामशालाएं बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
इनमें से 10 गांवों में इस वर्ष बनाई जाएंगी। इनमें ग्रामीणों के घूमने के लिए पार्क और शारीरिक अभ्यास के लिए एक बड़ा हॉल बनाया जाएगा। इनमें खेलने का सामान रखा जाएगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के निर्देश पर सबसे पहले कौराली और बदरौला गांव को 20-20 लाख का अनुदान मिल गया है। खंड पंचायत एवं विकास अधिकारी उपमा अरोड़ा ने बताया कि अनुदान मिलने के बाद इन गांवों में व्यायामशाला बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।