ग्रेनो वेस्ट में पड़ने वाला तीन मूर्ति चौराहा सूरजपुर, बिसरख के अलावा दिल्ली, फरीदाबाद और नोएडा जाने का महत्वपूर्ण जंक्शन प्वाइंट है। यह चौराहा तिलपता होते हुए दादरी, कासना, सूरजपुर, एनएच-24 के रास्ते पश्चिमी उत्तर प्रदेश, परी चौक के रास्ते बुलंदशहर, यमुना एक्सप्रेस वे के रास्ते अलीगढ़, मथुरा, आगरा व यूपी के मध्य-पूर्वी भाग को जोड़ता है।
आधी रात तक जाम में फंसे रहे थे एसपी ट्रैफिक
पर्थला से तीन मूर्ति चौक तक जाम की समस्या लगातार विकराल हो रही है। अक्सर लोग यहां घंटों जाम में फंसे रहते हैं लेकिन अब इसकी याद ट्रैफिक पुलिस को आई है। दरअसल, जिले के एसपी ट्रैफिक अनिल कुमार झा रोजाना इसी राह से होकर गुजरते हैं। हाल ही में आधी रात तक एसपी ट्रैफिक जाम में फंसे रहे और उन्हें यू-टर्न लेकर वापस लौटना पड़ा। जब खुद जाम में फंसे तो इसके बाद जनता के दर्द का अहसास हुआ। इसके बाद जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया है।
नंबर गेम
- 18 हजार वाहन फिलहाल पीक टाइम में तीन मूर्ति चौराहे से गुजरते हैं
- 2.16 लाख होगी अगले दो वर्षों में चौराहे से गुजरने वाले वाहनों की संख्या।
- 04 घंटे सुबह-शाम इस चौराहे पर झेलना पड़ता लोगों को लंबा जाम
अनिल कुमार झा, एसपी ट्रैफिक-गौतमबुद्घ नगर का कहना है कि, एनएच-24 चौड़ीकरण के कारण गाजियाबाद से बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन हो रहा है। तीन मूर्ति चौक पर पीक टाइम में ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है। यदि समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया तो अगले दो वर्ष में समस्या गंभीर हो जाएगी।