एमएमजी अस्पताल में भर्ती एक महिला को सोमवार दोपहर दवा के नाम पर नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर कुंडल, चेन, अंगूठी और पर्स सहित दो हजार रुपये लूट लिए। इस घटना से जहां अस्पताल की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा है वहीं, पुलिस घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जता रही है।
घूकना निवासी नारायणी देवी (55) एमएमजी में अस्थमा की दवा लेने आई थीं। आरोप है कि सतीश नामक एक व्यक्ति जो आप को अस्पताल का स्टाफ बता रहा था। उसने उन्हें अल्ट्रासाउंड से पहले पाउडर जैसी दवा दी और खाने को कहा। दवा खाने के बाद वह बेहोश हो गईं।
बहू हेमा ने बताया कि दोपहर तक सास घर नहीं पहुंची तो वह अस्पताल आईं। यहां सास को इमरजेंसी में भर्ती पाया। स्टाफ और अन्य मरीजों ने बताया कि डेढ़ बजे के बाद भी वह बेंच पर सो रहीं थीं। इस पर उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।
सीएमएस डा. जेपीएन सिंह ने बताया कि महिला की हालत ठीक है। अर्धबेहोशी में घटना के बारे में बता रही हैं। अस्पताल में इतने मरीज रोजाना आते हैं, उसमें अपराधी और सामान्य मरीज की पहचान करना मुश्किल है।
अस्पताल की सुरक्षा के लिए और व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। बता दें कि पूर्व में यहां पर एक पुलिस चौकी थी जो कि बंद हो चुकी है।