हरियाणा में नूंह जिले के रायपुरी निवासी एक ट्रांसपोर्टर दिल्ली के बदरपुर इलाके से पूरा एटीएम इसलिए उखाड़कर ले गया, क्योंकि उसे फाइनेंस कंपनी को ट्रकों की किस्त अदा करनी थी। उसकी यह करतूत सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई।
पुलिस ने उसकी एसयूवी कार के नंबर के आधार पर उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से एटीएम के पुर्जों के साथ वारदात में इस्तेमाल एसयूवी भी बरामद हो गई है। आरोपी के गांव रायपुरी जाकर गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस टीम बड़ी चतुराई से उसे निकालकर बदरपुर थाने ले आई।
डीसीपी दक्षिण-पूर्वी जिला आरपी मीणा ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक व्यक्ति एटीएम को एसयूवी कार में लादता दिखा। कार नंबर एचआर 51 बीजेड 6992 हरियाणा के नूंह जिले के रायपुरी निवासी ताहिर हुसैन के नाम से निकली।
इस आधार पर टीम नूं्ह रवाना हो गई, जहां से उसे चोरी के सामान के साथ दबोच लिया गया। पूछताछ में ताहिर ने बताया कि उसने फरीदाबाद में महिंद्रा फाइनेंस लिमिटेड से अपनी गाड़ियों के लिए लोन लिया था। इसकी किस्त वह जमा नहीं कर पा रहा था। उसके ऊपर किस्त का प्रत्येक माह कुल 3 लाख का भार था। इस करतूत को ताहिर ने मेवात के बड़े बदमाश शाहिद की मदद से अंजाम दिया। शाहिद उसका कजिन है।
एटीएम चोरी करने में उसके गिरोह की मदद की एवज में ताहिर ने मशीन से निकली रकम में हिस्सा दिया। शाहिद के खिलाफ लूट, हत्या सहित कई आपराधिक मुकदमे दिल्ली के कई थानों में दर्ज हैं।