प्रश्नपत्रों में त्रुटियों की शिकायत के बाद केंद्र का फैसला, अंग्रेजी-वाणिज्य की 9 और समाजशास्त्र की 10 सितंबर को परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि यूजीसी-नेट जून 2026 के तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। प्रश्नपत्रों में कुछ त्रुटियों की शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया गया है।
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने जस्टिस जसमीत सिंह की अदालत को बताया कि अंग्रेजी और वाणिज्य विषयों की परीक्षा 9 सितंबर, जबकि समाजशास्त्र की परीक्षा 10 सितंबर को होगी। अदालत समाजशास्त्र की परीक्षा में 30 जून को शामिल हुए एक अभ्यर्थी की याचिका पर सुनवाई कर रही थी।
याचिकाकर्ता ने पेपर लीक का आरोप लगाते हुए परिणाम घोषित करने पर रोक, स्वतंत्र जांच और दोबारा परीक्षा कराने की मांग की थी। केंद्र की दलील को ध्यान में रखते हुए अदालत ने याचिका का निपटारा कर दिया।