सैकड़ों अभ्यर्थियों ने दिसंबर में होने वाली यूजीसी नेट-जेआरएफ की परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। नेट पास करने पर छात्र बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर कॉलेजों में पढ़ा सकते हैं। वहीं, जेआरएफ क्लियर होने पर पीएचडी कर सकेंगे। इसमें अभ्यर्थी को स्कॉलरशिप भी मिलती है।
आईएमएस फैकल्टी प्रीती रानी राजवंशी ने बताया कि अब यूजीसी नेट की दो परीक्षाएं होती हैं। पहली परीक्षा में 50 सवाल होते हैं। टीचिंग एप्टीट्यूड रीडिंग कंप्रिहेंसन, कम्यूनिकेशन, रीजनिंग से सवाल पूछे जाते हैं। दूसरे पेपर में 100 प्रश्न होते हैं। ये विषय से संबंधित होते हैं। कई बार छात्र विषय की तो तैयारी कर लेते हैं मगर पहले पेपर में पीछे रह जाते हैं। जबकि पहला पेपर कॉमन होता है। इसमें पास होना भी जरूरी होता है। पहले पेपर में पास नहीं होने पर दूसरे पेपर की चेकिंग नहीं होगी। इस पेपर में अच्छे अंक आ जाए तो अच्छी मेरिट बन जाती है। प्रीति रानी ने बताया कि कई यूनिवर्सिटी पीएचडी के लिए जेआरएफ क्लियर मांगती है। ऐसा होने पर ही पीएचडी में दाखिला मिलेगा। कुछ यूनिवर्सिटी पीएचडी के लिए होने वाले एंट्रेंस एग्जाम के लिए जेआरएफ मांगती है। यह क्लियर होने पर ही परीक्षा में बैठ सकेंगे।
इन बातों का रखें ध्यान
सिलेबस को अच्छे से समझे, उसी के अनुसार पढ़ाई करें।
नोट्स बनाकर रिविजन करते रहें, इससे अच्छे से याद हो जाएगा।
पिछले वर्षों के पेपर देख लें, पैटर्न के बारे में पता चल जाएगा।
पिछली कटऑफ भी देखें, थोड़ा आइडिया मिल जाएगा।
नेट पर भी पुराने पेपर मिल जाएंगे, उन्हें भी देख सकते हैं।