- वारदात में शामिल मकान मालिक इरशाद को किया गिरफ्तार, बेल्ट–रस्सी और इंजेक्शन बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर पश्चिम जिले के सुभाष प्लेस इलाके में दो युवकों को कमरे में बंद कर दो दिनों तक पीटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा जान बचाकर भाग निकला। थाना सुभाष प्लेस पुलिस ने हत्या के इस मामले को सुलझाते हुए आरोपी मकान मालिक इरशाद (31) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पिटाई के दौरान युवकों को रस्सी से बांधकर बेल्ट और घूंसों से हमला किया था। पूछताछ में पता चला कि आरोपी को शक था कि दोनों युवक उसके मोबाइक को हैक कर उसके पास कुछ दुर्लभ सिक्के थे जिसे चोरी कर लिया है।
डीसीपी भीष्म सिंह के अनुसार मृतक तमन्ना और उसका साथी वीरेंद्र जेजे कॉलोनी, शकूरपुर के मकान में किराये पर रहते थे। आरोपी इरशाद ने दोनों को कमरे में बंद कर लगातार दो दिनों तक पिटाई की। इस दौरान बेल्ट, रस्सी और टर्मिन इंजेक्शन का उपयोग किया गया। युवक किसी तरह वहां से भाग निकले और अपने परिचित नाजिम के पास पहुंचे। तमन्ना को लगातार पेट दर्द और बेहोशी जैसे लक्षण आने लगे। उसे दो बार डॉक्टरों के पास ले जाया गया, लेकिन शनिवार को हालत और खराब हो गई। 9 नवंबर को वह नाजिम और एक परिचित महिला के साथ सुभाष प्लेस थाने पहुंचा और बताया कि मकान मालिक ने उसे बेरहमी से पीटा है।
बयान के बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई जिसे भगवन महावीर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में उसके पेट में भारी मात्रा में खून जमा और शरीर पर चोटों के कई निशान पाए गए।
वारदात का दूसरा पीड़ित वीरेंद्र गंभीर रूप से घबराया हुआ था और पुलिस के पहुंचने से पहले ही बिहार स्थित अपने गांव बिजलपुरा (मधुबनी) चला गया। पुलिस उससे संपर्क करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज करने के बाद एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी के दिल्ली और उत्तर प्रदेश (एटा, कासगंज, अलीगढ़) स्थित ठिकानों पर छापेमारी की। 11 नवंबर को आरोपी को रोहिणी से गिरफ्तार कर लिया गया।