शहर में शनिवार को दो ट्रक पलटने और एक बस डिवाइडर पर चढ़ने से वाहन चालकोें को जाम का सामना करना पड़ा। पहला हादसा चिल्ला बॉर्डर पर हुआ। यहां सब्जी से लदा एक ट्रक पलट गया। इससे पूरी सड़क पर सब्जी बिखर गई।
हादसे के बाद दिल्ली से नोएडा आने वाला ट्रैफिक प्रभावित रहा। ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को उठवाया और सड़क पर बिखरी सब्जी हटवाई। वहीं, एक्सप्रेसवे पर ट्रक पलटने से ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वाला ट्रैफिक प्रभावित रहा। काफी मशक्कत के बाद यातायात बहाल किया जा सका। इसके अलावा सेक्टर-49 चौराहे से छलेरा की ओर जाने के क्रम में सेक्टर-41 के पीछे बने यूटर्न पर एक यमुना सारथी बस डिवाइडर पर चढ़ गई।
बस यहां से यूटर्न लेने की कोशिश कर रही थी, लेकिन असंतुलित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इस वजह से यहां यातायात बाधित रहा। ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को उठवाया। इसके बाद ही यातायात बहाल हो पाया।