गौतमबुद्ध नगर जिले से दक्षिणी पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज स्थित यमुना नदी में नहाने गए दो किशोरों की डूबकर मौत हो गई। घर से 15 युवक टोली बनाकर मंगलवार को यमुना में नहाने के लिए पहुंचे थे। युवकों के साथ आए अन्य लड़कों ने दोनों के परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। बुधवार दोपहर में पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की सहायता से दोनों किशोर के शव बरामद कर उनके परिवार वालों को सौंप दिए।
दक्षिणी पूर्वी दिल्ली डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि मंगलवार दोपहर में पुलिस को सूचना मिली की दो किशोर यमुना में नहाते समय डूब गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की सहायता से उनकी तलाश शुरू कर दी।
अंधेरा होने के चलते शवों को ढूढ़ा नहीं जा सका। बुधवार सुबह से पुलिस और गोताखोरों ने प्रयास किया और दोनों के शव बरामद कर लिए। मृतक किशोर की पहचान नोएडा के छलेरा गांव के रहने वाले रोहित और कुनाल के रूप मे की गई है।
दोनों नोएडा के ही सदरपुर के रहने वाले अपने साथियों के साथ यमुना में नहाने के लिए पहुंचे थे। वहीं अपने बच्चों के शव देखकर परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल था।