24 घंटे में हुई तीन लूट और अपहरण समेत चार वारदातों का खुलासा, पुलिस टीम पर भी की थी फायरिंग, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पलवल-हथीन रोड स्थित पियूश सिटी में मंगलवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने जिले में 24 घंटे के अंदर हुई तीन लूट और एक अपहरण समेत चार वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। डीएसपी मुख्यालय नरेंद्र सिंह खटाना ने प्रेसवार्ता में बताया कि इसमें पिछले दिन ट्रक चालक को अपहरण कर ले जाते समय बचाने पहुंची पुलिस को थार से टक्कर मारने वाले भी शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से एक देसी पिस्तौल, मैगजीन, एक कारतूस और चार खाली खोल बरामद किए हैं।
पुलिस टीम पिछली रात हुई तीन लूट की वारदात और डायल 112 की गाड़ी को टक्कर मारने वाले आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान उन्हें पियूश सिटी में दो हथियारबंद युवकों के होने की सूचना मिली। ये युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए अपने साथियों का इंतजार कर रहे थे।
सूचना मिलते ही दोनों पुलिस टीमों ने पियूश सिटी में घेराबंदी की। उन्होंने युवकों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी भी दी। इस पर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। गोली निरीक्षक के कान के पास से होकर गुजरी। पुलिस ने हवाई फायर कर दोबारा आत्मसमर्पण की चेतावनी दी।
बदमाशों ने दोबारा चेतावनी के बावजूद फिर से फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। पुलिस ने दोनों बदमाशों को मौके पर ही काबू कर लिया। घायल बदमाश को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपियों की पहचान और आगे की जांच
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव सिहौल निवासी ओमबीर उर्फ ओमी और गांव दिघोट निवासी गौरव के रूप में हुई है। पूछताछ में गौरव ने ओमबीर और दो अन्य युवकों के साथ मिलकर लूट व अपहरण की वारदात को अंजाम देने की बात बताई। ओमबीर के खिलाफ थाना चांदहट में पहले भी जानलेवा हमले का मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं।