दो कारें भी हुईं क्षतिग्रस्त
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के भारत नगर इलाके में छात्रसंघ चुनाव प्रचार के दौरान झड़प हुई। इसमें सत्यवती कॉलेज के दो छात्र घायल हो गए। पुलिस को मौके पर दो कारें क्षतिग्रस्त मिलीं।
घायल छात्रों की पहचान 19 वर्षीय अंश और भविष्य चौधरी के रूप में हुई है। उन्हें उपचार के लिए दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया। यह घटना मंगलवार शाम वजीरपुर गांव के पास हुई। पुलिस को छात्रों के बीच मारपीट और गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को दोनों छात्र घायल मिले। सड़क किनारे खड़ी दो कारों के शीशे पूरी तरह टूटे हुए थे। भारत नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना को छात्रसंघ चुनाव से जुड़ी प्रतिद्वंद्विता से जोड़ा जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने अभी कारण की पुष्टि नहीं की है, पर सभी संभावित पहलुओं से जांच जारी है। पुलिस गोली चलने की सूचना की भी पुष्टि कर रही है। क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है। अपराध शाखा और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, और निगरानी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।