दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली व एनसीआर के बदमाशों को हथियार सप्लाई करने वाले दो तस्करों को इंद्रप्रस्थ पार्क के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 10 पिस्टल और 100 कारतूस बरामद किए हैं।
शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों ने पिछले 3 वर्षों में करीब 400 से ज्यादा पिस्टल और 1000 कारतूस बदमाशों को बेच चुका है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान नंगा फतेह और मौहल्ला मालीपुरा अलीगढ़ निवासी राजा गौतम और राजेश के रूप में हुई है। पुलिस गिरोह के अन्य बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त पीएस कुशवाहा ने बताया कि 21 जुलाई को पुलिस को राजा गौतम के बारे में सूचना मिली कि वह अपने सहयोगी के साथ हथियार लेकर इंद्रप्रस्थ पार्क के पास आने वाला है।
इस सूचना पर पुलिस टीम उस जगह की घेराबंदी कर दी। इनके आते ही पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। इनके पास से 4 पिस्टल, 6 सिंगल शॉट पिस्टल और 100 कारतूस मिले। बदमाशों ने बताया कि वह हथियार को मध्य प्रदेश से लेकर आते हैं और दिल्ली व एनसीआर के बदमाशों को बेचते हैं।
जांच में पता चला कि दोनों बदमाश तीन चार वर्षों से इस धंधे से जुड़े हैं। राजा गौतम पहले कूरियर कंपनी में काम करता था। ज्यादा रकम कमाने के लिए वह हथियार की तस्करी करने लगा।
राजेश मध्य प्रदेश से खेप लाता था। जिसके एवज में राजा उसे हर खेप का 6 से 10 हजार रुपये देता था। राजा गौतम के भाई को पुलिस ने इसी साल फरवरी माह में हथियार तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था।