हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा परीक्षा परिणाम जारी होने के साथ ही बुधवार को मोहना खुर्द के एसडी मेमोरियल स्कूल संचालक और स्टाफ की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दरअसल इस स्कूल की दो बेटियों ने कला संकाय में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करके न केवल स्कूल का बल्कि फरीदाबाद जिले का नाम भी रोशन किया है। दोनों छात्राओं की आदत और पसंद में काफी समानताएं भी हैं।
स्कूल की शिवानी वत्स ने जहां कला संकाय में 494 अंक प्राप्त करके प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है, वहीं मानसी ने 492 अंक लेकर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि दोनों टॉपर शिवानी और मानसी के साथ ही स्कूल प्रबंधक टेकपाल शर्मा को भी इस बात की जानकारी नहीं थी।
तीनों के पास अमर उजाला संवाददाता का फोन सबसे पहले पहुंचा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। स्कूल प्रबंधक ने बताया कि उनके स्कूल के सभी अध्यापकों की मेहनत का ही यह नतीजा है कि यहां लगातार शिक्षा के स्तर में सुधार हो रहा है। बीते साल भी उनके स्कूल से कक्षा-10 की छात्रा रेनू ने 483 अंक हासिल करके टॉप किया था। इसी प्रकार 2017 में भी उनके यहां कक्षा-12 के विज्ञान विषय में प्रदेश की टॉपर सूची में ज्योति व सागर ने अपना नाम दर्ज कराया था।
कला संकाय में प्रदेश में पहला और दूसरा स्थान रखने वाली दोनों ही छात्राओं शिवानी और मानसी की आदत और पसंद में काफी समानताएं भी हैं। दोनों छात्राएं जहां सेल्फ स्टडी पर भरोसा रखती हैं, वहीं अब दोनों सिविल सेवा परीक्षा पास करना चाहती हैं।
दोनों ही छात्राओं का प्रिय विषय राजनीति शास्त्र है। इसके अलावा दोनों ने प्रत्येक विषय को पढ़ाई के लिए एक-एक घंटा दिया और सिर्फ सुबह के समय पढ़ाई की। सोशल मीडिया को भी दोनों ने मनोरंजन के साथ ज्ञान के तौर पर प्रतिदिन सिर्फ 30 मिनट प्रयोग किया।