द्वारका इलाके में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने दो बदमाशों को पकड़ा तो उन्होंने शोर मचाया दिया। इस पर वहां मौजूद लोगों ने पथराव कर दो पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया और उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिसवालों को अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, द्वारका नार्थ थाने का सिपाही सुनील शुक्रवार दोपहर गश्त पर था। भरत विहार गोल चक्कर के पास उसे निजी इंडिगो कार में गश्त करते हवलदार जितेंद्र और सिपाही राजू राम मिले। सुनील भी उनकी कार में बैठ गया। तीनों पुलिसकर्मी द्वारका सेक्टर-16 के न्यू आदर्श अपार्टमेंट के पास पहुंचे तो सुनील ने वहां राहुल और राजेश नाम के दो बदमाश देखे।
पुलिसकर्मियों को देखकर दोनों दोनों बदमाश सड़क के दूसरी ओर ताश खेल रहे लोगों के बीच चले गए। सुनील और राजू राम ने कार से उतरकर दोनों को दबोच लिया। इसी दौरान बदमाशों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर अपार्टमेंट से कुछ लोग आए और सिपाहियों से मारपीट और धक्का-मुक्की की। इसके बाद लोगों ने पुलिसकर्मियों और उनकी कार पर पथराव किया।
बाद में सभी फरार हो गए। सूचना पर पुलिस दोनों सिपाहियों को पास के अस्पताल ले गई। उनके बयान पर मामला दर्ज किया गया है। सुनील ने बताया कि वह राहुल और राजेश को पहचानता है, जबकि अन्य लोग अपार्टमेंट के रहने वाले थे।