सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में दनकौर रोड पर निजामपुर पुलिया के पास रोडवेज और तीन पहिया वाहन की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में तीन पहिया वाहन में सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, डिबाई थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी लुकमान, ओल्ड फरीदाबाद निवासी अरमान, गुड्डू, वकील और सन्नो, आपस में रिश्तेदार है। पांच लोग ओल्ड फरीदाबाद निवासी तीन बच्चों जयूर, उमरा, खुशी के साथ तीन पहिया वाहन में सवार होकर दौलतपुर से फरीदाबाद जा रहे थे। सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में शाम करीब सात बजे दनकौर रोड पर निजामपुर पुलिया के पास सामने से आ रहे रोडवेज चालक ने ओवरटेक करने के प्रयास में तीन पहिया वाहन में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी की तीन पहिया वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए और चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद चालक बस को मौके पर छोडक़र फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सिकंदराबाद में भर्ती कराया। वहीं, बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर रवाना किया। बस सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
सीएचसी में चिकित्सकों ने अरमान (20) पुत्र वकील, लुकमान (22) पुत्र ननवा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल गुड्डू, वकील की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का सीएचसी सिकंदराबाद में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद रोडवेज, तीन पहिया वाहन के रोड पर खड़े होने से जाम लग गया। पुलिस ने तीन पहिया वाहन, रोडवेज को रास्ते से हटवाकर जाम खुलवाया। निरीक्षक ऋषिपाल सिंह ने बताया कि मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौके से रोडवेज बस को कब्जा में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।