27 लाख रुपए की नई करेंसी के साथ पकड़े गए दो
- फोटो : ani
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने 27 लाख रुपये के नए नोटों के साथ दो लोगों को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से पकड़ा है। ये लोग पुराने नोटों को बदलकर मुंबई से दिल्ली ला रहे थे। पूरी रकम दो हजार के नोट में है।
पकड़े गए नए नोट दवा बनाने वाली कंपनी के मालिक संजय मलिक के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपी व पूरी रकम को बृहस्पतिवार देर रात आयकर विभाग के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी 1.5 करोड़ के नए नोट मुंबई से दिल्ली मंगवाए जा चुके हैं।
नोटबंदी के बाद ऐसा पहली बार हो रहा है कि नए नोटों के साथ किसी को पकड़ा गया है। अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त रविद्र यादव ने बताया कि इंस्पेक्टर नरेंद्र चाहर की टीम में तैनात एसआई संदीप यादव को सूचना मिली कि दो व्यक्ति संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से मुंबई से भारी मात्रा में नए नोट ला रहे हैं।