पुलिस जालसाजों के बैंक खातों और पैसे की निकासी की तकनीकी जांच करते हुए उन तक पहुंची। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड और पांच हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी अब तक आठ लोगों से 15 लाख की ठगी कर चुके हैं।
दक्षिण पश्चिम जिला साइबर सेल ने गूगल पर बैंक के कस्टमर केयर नंबर की जगह अपना मोबाइल नंबर डालकर ठगी करने वाले दो जालसाजों को पुलिस ने देवघर झारखंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस जालसाजों के बैंक खातों और पैसे की निकासी की तकनीकी जांच करते हुए उन तक पहुंची। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड और पांच हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी अब तक आठ लोगों से 15 लाख की ठगी कर चुके हैं। पुलिस सरगना की तलाश कर रही है। आरोपियों की पहचान देवघर झारखंड निवासी मुस्तकीम और मोहम्मद रिजवान के रूप में हुई है।
विज्ञापन
पिछले साल अगस्त माह में वसंत कुंज निवासी महिला राजन कौल ने दक्षिण पश्चिम जिला साइबर सेल में ठगी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि वह गूगल पर पंजाब नेशनल बैंक का कस्टमर केयर नंबर की तलाश कर रही थी। कस्टमर केयर नंबर के तौर पर एक मोबाइल नंबर मिला। उस नंबर पर संपर्क करने पर आरोपी ने उसे रस्ट डेस्क एप डाउनलोड करने की सलाह दी। उसके बाद आरोपी ने उससे बैंक खाते की जानकारी ली। इसी दौरान पीड़िता के केनरा बैंक के खाते से 5.45 लाख निकल गए। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दी। साइबर सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की।
पुलिस टीम ने जांच के दौरान उन खातों की जानकारी ली, जिसमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे। खाते के विश्लेषण से पता चला कि एक लाख रुपये रायबरेली के गौरव सिंह, 1.20 लाख रुपये ग्वालियर के इसाक खान, 80 हजार रुपये भिंड के मिलाडी और दो लाख रुपये मुरैना के आशमा बानो के एचडीएफसी बैंक में ट्रांसफर किए गए हैं।
विज्ञापन
सभी खातों के पैसे देवघर झारखंड स्थित एक एटीएम से निकाले गए हैं और सभी बैंक खाते आठ शिकायतों से जुड़े हैं और करीब 15 लाख की ठगी की गई है। निरीक्षक पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों पर तकनीकी निगरानी बढ़ाई और दोनों जालसाजों को देवघर झारखंड से गिरफ्तार कर लिया।
झारखंड का है गिरोह का सरगना
आरोपियों ने बताया कि गैंग का सरगना देवघर झारखंड निवासी मोहम्मद इरफान है। उसके संपर्क में आने के बाद उनलोगों ने गूगल पर कस्टमर केयर के तौर पर अपना नंबर का विज्ञापन देकर मदद करने के बहाने ठगी करने लगे। ठगी की रकम को जमा करने के लिए अलग अलग राज्यों में लोगों से उनके बैंक खाते खरीदे। खाते में पैसे ट्रांसफर होने के बाद उसे देवघर के एटीएम से निकाल लिए। पुलिस सरगना की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द गिरफ्त में होगा।