सर्फाबाद और रायपुर गांव में एक सप्ताह के अंदर स्वास्थ्य केंद्र खुलेंगे। यहां सुबह 9 से लेकर शाम 4 बजे तक ओपीडी चलेगी। इसके लिए डॉक्टरों और स्टाफ नर्स तक की नियुक्ति कर ली गई है। दोनों जगह दवाइयां और अन्य उपकरण भी भेज दिए गए हैं।
शासन की तरफ से जिले में 4 नए स्वास्थ्य केंद्र शुरू करने की मंजूरी मिली थी। पहले फेज में स्वास्थ्य विभाग सर्फाबाद और रायपुर में स्वास्थ्य केंद्र शुरू करेगा। बताया गया है कि यहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। इसके बावजूद इन गांवों में स्वास्थ्य केंद्र नहीं है।
बीमार होने पर यहां के लोग या तो निजी अस्पताल जाते हैं या झोलाछाप डॉक्टरों के भरोसे रहते हैं। सीएमओ डॉक्टर अनुराग भार्गव ने बताया कि रायपुर में नोएडा प्राधिकरण की जमीन और सर्फाबाद में किराये के भवन में स्वास्थ्य केंद्र शुरू कि या जाएगा।
प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में एक एमबीबीएस डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट, 2 स्टाफ नर्स, 1 वार्ड ब्वॉय और 5 एएनएम रहेंगी। इन सभी की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दवाइयों से लेकर सभी चीजें स्वास्थ्य केंद्र के लिए उपलब्ध करा दी गई हैं। सुबह 9 बजे से यहां ओपीडी की सुविधा शुरू हो जाएगी। अगर डॉक्टर को लगेगा कि मरीज गंभीर है तो उसे जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा।