- आंध्र प्रदेश से पुलिस ने दबोचा, सीसीटीवी फुटेज के ममद से हुई पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
बवाना थाना में टाइल्स कारोबारी की फैक्टरी और कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आंध्र प्रदेश से दोनों बदमाशों को पकड़ा है। पहचान अरुण शर्मा उर्फ अरुण उपाध्याय और सूरज के रूप में हुई है। वारदात में दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहन कर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम पूठ खुर्द इलाके में स्थित टाइल्स कारोबारी की फैक्टरी के बाहर फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना पर बवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान फैक्टरी के गेट और वहां खड़ी कार पर गोलियों के निशान मिले। शुरुआती जांच में सामने आया कि बाइक सवार दो युवकों ने फैक्टरी के बाहर कई राउंड फायर किए और इसके बाद फरार हो गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
कैमरों की फुटेज से शुरू हुई तलाश :
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। हेलमेट पहने होने के कारण आरोपियों की पहचान सीधे तौर पर नहीं हो पा रही थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिये उनकी गतिविधियों और आवाजाही की जानकारी जुटानी शुरू की। बाहरी पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि जांच दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों के आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में मौजूद होने का पता चला। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की वजह का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि कारोबारी से आरोपियों की कोई पुरानी रंजिश या विवाद था या उन्हें किसी के कहने पर फायरिंग के लिए भेजा गया था। पुलिस वारदात में इस्तेमाल बाइक और हथियार की तलाश के साथ-साथ अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाल रही है।