नई दिल्ली।
थाना मुखर्जी नगर पुलिस ने हत्या के प्रयास में दो नाबालिगों को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद किए हैं। आरोपियों ने चाकू ऑनलाइन शॉपिंग ऐप से खरीदे थे।
पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि छह मार्च को जहांगीरपुरी निवासी आकाश तोमर (18) ने मुखर्जी नगर थाने में शिकायत दी थी। इसमें बताया कि पांच मार्च की शाम करीब पांच बजे वह अपने मित्रों के साथ जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-4 के पास एक रेहड़ी पर खाना खा रहा था। इसी दौरान उसका दो नाबालिगों से टकराव हो गया। कहासुनी के दौरान आकाश के नाबालिग मित्र ने एक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद कुछ ही देर में उन नाबालिगों ने आकाश और उसके मित्र पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।