दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक अंतरराष्ट्रीय मोबाइल चोर गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गाजियाबाद निवासी सावेज और भलस्वा डेयरी के रहने वाले फरदीन दिल्ली-एनसीआर से चोरी किए गए स्मार्ट फोन को बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजने में शामिल थे। पुलिस ने यमुना विहार में किराए के फ्लैट पर छापा मारकर 83 चोरी के स्मार्ट फोन बरामद किए। आरोपी फोन को पैक कर बांग्लादेश में अपने जान-पहचान वालों को भेजते थे। बरामद फोन में आईफोन, वनप्लस, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रियलमी, रेडमी, पोको, मोटोरोला, नथिंग और आईक्यूओओ के प्रीमियम मॉडल शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि 27 मार्च को टीम को यमुना विहार से संचालित इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह की गतिविधियों के बारे में विश्वसनीय जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस टीम के साथ किराए के एक फ्लैट में तीसरी मंजिल पर छापा मारा। वहां पुलिस टीम को एक सीलबंद गत्ते का डिब्बा मिला, जिसमें विभिन्न प्रीमियम ब्रांडों के 83 स्मार्ट फोन रखे मिले। पुलिस ने पूछताछ के बाद वहां मौजूद दो आरोपी को दबोच लिया, वे लोग बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजने के लिए उक्त स्मार्ट फोन को पैक करने में जुटे हुए थे। उनकी पहचान सावेज, गाजियाबाद व फरदीन, भलस्वा डेयरी के रूप में हुई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सावेज का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और इस गिरोह की पहचान करने व अन्य ठिकानों की तलाश का काम जारी है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से लोगों को आर्थिक नुकसान से बचाया गया और मोबाइल चोरी व उनकी संगठित बिक्री के खिलाफ सख्त संदेश गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस अन्य शहरों में फोन लेने वालों और गिरोह की कड़ियों का पता लगा रही है।
100 से अधिक चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करके लौटाए
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन ढूंढ कर उनके असली मालिकों को लौटाने में बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी-गैंग स्क्वाड ने इस साल 33 फोन बरामद किए, जिनमें से 19 असली मालिकों को लौटाए गए। दक्षिण रेंज ने 31 और उत्तर रेंज ने 50 फोन बरामद कर उन्हें मालिकों को सौंपा। पुलिस ने मोबाइल ट्रैकिंग के लिए भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल का इस्तेमाल किया और फील्ड टीमों ने लगातार जांच और निगरानी की। संयुक्त पुलिस आयुक्त सुरेंद्र कुमार ने बताया कि बरामद हुए फोन उनके मालिकों को लौटाने के लिए शुक्रवार को अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए।