घटना एक- यमुना में छलांग लगाई
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डा. हेमंत तिवारी ने बताया कि रितिक (21) ने अपनी बहन से विवाद के बाद रविवार रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर यमुना पुल से छलांग लगा दी थी। रितिक की बहन सुमन ने इसकी सूचना सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस व पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना दी। उसने पीसीआर कॉल में बताया कि उसके भाई ने उसके साथ वीडियो कॉल में बात करते हुए नदी में छलांग लगा दी। सूचना के बाद पुलिस की एक टीम और एक पीसीआर वैन मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर पुल पर एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन पड़े मिले। करोल बाग में रहने वाली और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही सुमन भी मौके पर पहुंची।
रितिक की बहन ने पुलिस को बताया है कि भाई पिछले कुछ महीनों से नौकरी की तलाश में अपनी बहन के साथ रह रहा था और अपनी प्रेमिका से अनबन के बाद से वह उदास था। अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन विभाग के साथ ही जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की एक टीम को तुरंत बुलाया गया। एनडीआरएफ की एक मोटरबोट टीम ने उसके कूदने के 20 मिनट के भीतर खोज अभियान शुरू कर दिया गया। बचाव अभियान पूरी रात और सोमवार को भी जारी रहा, लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं लगा था।
घटना दो- आस्था कुंज पार्क में फांसी लगाकर की आत्महत्या
पुलिस उपायुक्त डा. हेमंत तिवारी ने बताया कि 24 अगस्त को रात लगभग 10.25 बजे थाना अमर कॉलोनी में आत्महत्या की एक पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल करने वाले बी-46, नेहरू प्लेस, कालका जी निवासी भोला (25) पुत्र जितेंद्र ने बताया कि वह नेहरू प्लेस में निजी नौकरी करता था। उसने बताया कि ए-2, मदनपुर खादर, जेजे कॉलोनी, नई दिल्ली निवासी तरुण उर्फ बबली जाट (20) पुत्र गुड्डू जाट ने फांसी लगा ली है।
पुलिस टीम नेहरू प्लेस के पीछे आस्था कुंज पार्क पहुंची तो तरुण का शव पेड़ से लटका हुआ पाया। मृतक के परिवार के सदस्य/रिश्तेदार भी वहां मौजूद थे। परिवार के सदस्यों से प्रारंभिक बातचीत में बताया कि वह शाम लगभग 5 बजे घर से निकला था। परिजनों ने बताया कि मृतक युवक का माता-पिता झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह घर से निकल गया था। घर पर उसके जीजा भी आए हुए थे। पुलिस ने शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।