धौला कुआं मेट्रो और डिफेंस एरिया के ट्रैफिक बॉटलनेक दूर करने की तैयारी
एनएच-8 पर बढ़ेगी वाहनों की आवाजाही की क्षमता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। धौला कुआं मेट्रो और डिफेंस एरिया के दो बड़े ट्रैफिक जंक्शन जल्द चौड़े होंगे। इसके साथ ही आरएंडआर अस्पताल लिंक अंडरपास में भी सुधार किया जाएगा। इससे एयरपोर्ट, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, रिंग रोड और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली की ओर आने-जाने वाले लाखों यात्रियों को जाम से राहत मिलने तथा इस व्यस्त कॉरिडोर पर वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
एनएचएआई धौला कुआं प्रोजेक्ट स्ट्रेच के 2.9 किलोमीटर हिस्से में यातायात सुधार कार्य कराएगा। इसके तहत धौला कुआं मेट्रो स्टेशन के पास स्थित टी-जंक्शन का पुनर्विकास किया जाएगा। साथ ही धौला कुआं से जंक्शन तक राष्ट्रीय राजमार्ग-8 (एनएच-8) के हिस्से का चौड़ीकरण होगा। डिफेंस एरिया के टी-जंक्शन को भी बेहतर बनाया जाएगा।
परियोजना में आरएंडआर अस्पताल लिंक अंडरपास का भी सुधार किया जाएगा। इससे इस मार्ग का उपयोग करने वाले स्थानीय वाहनों और अस्पताल आने-जाने वालों की आवाजाही अधिक सुगम होने की संभावना है। धौला कुआं दिल्ली के सबसे व्यस्त यातायात केंद्रों में शामिल है, जहां से प्रतिदिन एयरपोर्ट, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, नारायणा, रिंग रोड और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली की ओर बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। परियोजना की अनुमानित लागत 9.44 करोड़ रुपये है और परियोजना के तहत धौला कुआं क्षेत्र के करीब 2.9 किलोमीटर लंबे हिस्से में सड़क और जंक्शनों का सुधार किया जाएगा।