होडल।
पुलिस टीम ने गांव बांसवा में एक घर में जबरन घुसकर हमला करने, तोड़फोड़ और महिलाओं के साथ बदसलूकी व छेड़छाड़ करने के मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव बांसवा निवासी राकेश उर्फ भोला एवं रवि के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की है। सीआईए प्रभारी जगमिंदर सिंह ने बताया कि गांव बांसवा निवासी हरेंद्र उर्फ पिंकी की शिकायत पर थाना हसनपुर में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार 20 जून की रात राकेश उर्फ भोला, रवि, दीपक उर्फ सुक्का, मोहित और राहुल हथियारों के साथ उसके घर में घुस आए और परिवार के साथ मारपीट की। महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने उसी रात एक अन्य मारपीट की वारदात को भी अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी राकेश उर्फ भोला और रवि को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राकेश उर्फ भोला के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर अवैध हथियार की बरामदगी और अन्य मामलों में पूछताछ करेगी। एसपी नीतीश अग्रवाल ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।