चार महीने में पूरा होगा काम, दिव्यांगों के लिए ब्रेल बटन और वॉयस अनाउंसमेंट की सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। जीटी रोड स्थित श्यामलाल कॉलेज के पास बने फुटओवर ब्रिज पर जल्द ही दो नई लिफ्ट लगाई जाएंगी। लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना की प्रशासनिक और वित्तीय प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। इस कदम से कॉलेज के छात्र-छात्राओं, स्थानीय निवासियों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को सड़क पार करने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
जीटी रोड क्षेत्र के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। यहां दिनभर वाहनों की तेज रफ्तार और पैदल यात्रियों की भारी आवाजाही रहती है। वर्तमान फुटओवर ब्रिज पर सीढ़ियां चढ़ने में बुजुर्गों, मरीजों और दिव्यांगजनों को कठिनाई होती है। नई लिफ्ट लगने से पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। दोनों लिफ्ट आधुनिक सुरक्षा और सुगम तकनीक से लैस होंगी। इनमें दृष्टिबाधित और दिव्यांगजनों के लिए ब्रेल बटन और वॉयस अनाउंसमेंट सिस्टम होगा। बिजली कटने पर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस भी होगा। विभाग ने इस काम को चार महीने की अवधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। लिफ्टों में निगरानी के लिए उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।