साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को लगातार अपना निशाना बनाया जा रहा है। इसी क्रम में सिहानी गेट कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक कंप्यूटर ऑपरेटर के खाते से साइबर अपराधियों ने स्वयं को पेटीएम केवाईसी केयर का कर्मचारी बताकर बंद एटीएम चालू करवाने के नाम पर एक एप डाउनलोड करवाकर दो लाख 16 हजार रुपये उड़ा दिए।
मोबाइल पर रकम निकलने का मैसेज आने पर ठगी का पता चला तो मामले की जानकारी संबंधित बैंक और पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
सद्दीक नगर में रहने वाले रविकांत शर्मा नोएडा की एक कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर हैं और उनका पेटीएम बंद है। जिसे दोबारा चालू करवाने के लिए कस्टूमर केयर सेंटर पर फोन मिलाया। बात करते समय कॉल कट गई।
इसके तत्काल बाद उनके मोबाइल पर एक कॉल आया और कॉलर ने कहा कि वह पेटीएम केवाईसी केयर से बोल रहा है। इस पर रविकांत शर्मा ने दोबारा बंद पेटीएम को चालू करने के लिए कहा।
फिर उन्होंने कॉलर के कहने पर एक एप डाउनलोड किया। एप डाउनलोड करते ही उनके खाते से दो लाख 16 हजार रुपये निकल गए। मोबाइल पर रकम निकलने का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला।
उन्होंने मामले की जानकारी संबंधित बैंक और पुलिस को दी। सिहानी गेट कोतवाल गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि इस संबंध में दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। इससे पहले हिंडन विहार में रहने वाले सिराजुद्दीन के खाते से साइबर अपराधियों ने 87 हजार रुपये की नकदी उड़ा ली थी। यह मामला भी सिहानी गेट कोतवाली का था।