छह घंटे तक चला एनडीआरएफ का रेस्क्यू
करीब सवा दो बजे गाजियाबाद से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। रात करीब 2:15 बजे एनडीआरएफ के गोताखोरों की टीम इंस्पेक्टर जितेंद्र यादव के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और मजदूरों की तलाश शुरू की। पूरी रात टीम को कोई सफलता नहीं मिली, लेकिन लगातार कोशिश के बाद शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे पहला और पौने आठ बजे दूसरा शव मिला।
दिन रात चल रहे काम में बरती लापरवाही
सलारपुर गांव में प्राधिकरण द्वारा सीवर लाइन डाले जाने का दिन-रात काम चल रहा था, लेकिन वहां हर कदम पर लापरवाही बरती जा रही थी। सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा था। सीवर लाइन डालने के लिए करीब 12 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। रात करीब 10 बजे नाले का बेस टूट गया। इसके बाद अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए पता नहीं चला कि कोई मजदूर भी फंसा है। जब पता चला तो एनडीआरएफ को बुलाया गया।
रात भर डटे रहे पुलिसकर्मी
हादसे के बाद सलारपुर में रात भर पुलिस के अधिकारी मौके पर डटे रहे। स्थानीय पुलिस व पीआरवी से लेकर जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौजूद थी।
सीवर लाइन डालते समय हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। मामले में प्राधिकरण की तरफ से जो भी शिकायत मिलती है उसके मुताबिक मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।- सुधा सिंह एसपी सिटी