वेव सिटी क्षेत्र के कुड़ियागढ़ी में निर्माणाधीन टीन शेड की फैक्टरी के गेट पर फंसे ट्रक को निकालने के दौरान मंगवाई गई क्रेन का हुक ऊपर जा रही हाइटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे तार टूटकर गिर गया। हादसे में फैक्टरी मालिक शकील (40) और क्रेन के सहायक ऑपरेटर चांद (32) की मौत हो गई। हादसा शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे हुआ। चांद वेव सिटी के काजीपुरा के रहने वाले थे और शकील कविनगर के लोहामंडी के गगन एंक्लेव के रहने वाले थे।
इमरान, शकील और अकील एक टीन शेड बनाने की फैक्टरी बना रहे थे। इसी का काम चल रहा था। तीनों इस कंपनी में निदेशक हैं। शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे बारिश के कारण हुई कीचड़ में फैक्टरी के गेट पर ट्रक फंस गया, जिसे निकलवाने के लिए क्रेन मालिक इकराम को कॉल करके क्रेन मंगवाई गई। इकराम अपने सहयोगी चांद के साथ शकील की फैक्टरी पर पहुंचे।