फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi: रोडरेज में दो दोस्तों को पीटा, एक की चाकू से वार कर हत्या; चार से पांच आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम

Thu, 31 Jul 2025 09:34 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर पेपर मार्केट में कुछ युवकों ने बुधवार रात रोडरेज में दो दोस्तों को पीटा। एक युवक पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। चार से पांच आरोपियो ने वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गाजीपुर में बुधवार रात बर्थडे की पार्टी करने गए एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त विकास वलेचा (28) के रूप में हुई है। हमले के दौरान बदमाशों ने विकास के दोस्त सुमित शर्मा पर भी रॉड से हमला कर टांग तोड़ दी। बाद में आरोपी फरार हो गए।

सुमित को पहले एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां से परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर नाबालिग समेत चार आरोपियों को दबोच लिया। इनकी पहचान खोड़ा काॅलोनी निवासी सलमान खान, आजाद कुमार मिश्रा, मोनू मिश्रा और 13 साल के नाबालिग के रूप में हुई है।

छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि विकास के दोस्त अभिषेक का दो दिन पहले गाजीपुर पेपर मार्केट में मोमोज की दुकान चलाने वाले सलमान से झगड़ा हुआ था। बुधवार को इसी बात पर दोबारा विवाद हुआ। सलमान ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर विकास की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और रॉड बरामद कर ली है।

पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि विकास वलेचा परिवार के साथ फरीदाबाद के एनआईटी सेक्टर-5 में रहता था। परिवार में पिता संजय वलेचा, मां और एक बहन हैं। विकास नोएडा के सेक्टर-5 में निजी कंपनी में सेल्स मैनेजर था। परिजनों ने बताया कि घर से दूर ऑफिस होने की वजह से कुछ दिन से वह खोड़ा काॅलोनी में पीजी में रह रहा था।

बुधवार 30 जुलाई को उसका जन्मदिन था। रात को उसने पार्टी देने की बात की। तीन कारों में सवार होकर विकास और उसके दोस्त सुमित, अभिषेक, विशाल व अन्य गाजीपुर में शराब के ठेके पर पहुंचे। अभिषेक ने पार्टी के दौरान बताया कि दो दिन पहले मोमोज की दुकान चलाने वाले सलमान से उसका झगड़ा हो गया था और वह उसे देख लेने की धमकी दे रहा था।

इस बात पर सभी युवक सलमान को ढूंढने लगे। वह अपनी दुकान पर दिख गया। सभी युवक सलमान के पास पहुंचे और उससे झगड़ा करने लगे। सलमान ने हालात देखकर अपने दोस्तों को फोन कर बुला लिया। इस बीच विकास ने सलमान को थप्पड़ मार दिया। झगड़े के बीच अचानक सलमान के दोस्त हो गए।

इन लोगों ने रॉड और चाकू से विकास पर कई वार कर दिए। सुमित, विकास को बचाने का प्रयास करने लगा। इस बीच इनके सारे दोस्त मौके से भाग खड़े हुए। बदमाशों ने सुमित पर रॉड से कई वार किए और उसकी टांग तोड़ दी। विकास को कई चाकू मारने के बाद आरोपी भी भाग गए।

एक आरोपी आजाद कुमार मिश्रा को लगा कि अगर विकास मर जाएगा तो वह फंस जाएंगे इसलिए वह खुद ही विकास को एलबीएस अस्पताल ले गया। अस्पताल में विकास को मृत घोषित कर दिया गया। बाद में आजाद भी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।

ऐसे पकड़े गए आरोपी

विज्ञापन

आजाद कुमार ने अस्पताल में बताया कि वह पेपर मार्केट में मौजूद था। कुछ अज्ञात लड़कों ने इन पर हमला किया। वह तो बस विकास को अस्पताल लेकर आया। हत्या की सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक्स स्क्वायड, स्पेशल स्टाफ, एएटीएस और गाजीपुर थाने की चार टीमों का गठन कर दिया गया। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। विकास को अस्पताल पहुंचाने वाले आजाद से पूछताछ की गई तो वह पुलिस को गुमराह करने लगा। सीसीटीवी से सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आजाद से सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में नाबालिग समेत अन्य तीन आरोपियों को खोड़ा कालोनी से दबोच लिया।

परिजन बोले-साथी हिम्मत दिखाते तो विकास जिंदा होता
विकास के परिजनों ने कहा कि उसके साथ मौजूद साथियों ने थोड़ी सी भी हिम्मत दिखाई होती तो आज विकास जिंदा होता। बुधवार को विकास का जन्मदिन था। दिन में परिजनों से उसने बातचीत की थी। शाम को वह पार्टी करने की बात कर रहा था। अपने साथ काम करने वाले दोस्तों को वह गाजीपुर पेपर मार्केट ले गया। यहां दोस्तों के साथ पार्टी की। बाद में विवाद हो जाने के बाद विकास की हत्या कर दी गई। परिजनों ने बताया कि विकास परिवार में इकलौता बेटा था। अब एक बहन व माता-पिता ही बचे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें