इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार तड़के दो विदेशी नागरिक सैटेलाइट फोन के साथ दबोचे गए। कनाडा और इस्रायल के रहने वाले दोनों नागरिक टर्मिनल-3 से विदेश जाने की तैयारी कर रहे थे।
सीआईएसएफ की टीम ने जब इनके हैंड बैग की तलाशी ली तो उससे सैटेलाइट फोन बरामद हुए। पूछताछ के बाद दोनों नागरिकों को एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया गया।
सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीआईएसएफ ने कनाडा निवासी जुआन-सी आर्किला के हैड बैग की तलाशी ली तो उसमें एक सैटेलाइट फोन बरामद हुआ। छानबीन के बाद उसे लोकल पुलिस के हवाले कर दिया गया। दूसरा मामला बुधवार सुबह 5.30 बजे का है।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने छानबीन के लिए एक इस्रायली नागरिक को रोका। उसके हैड बैग की तलाशी ली गई तो उसमें भी प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन बरामद हुआ। आरोपी एयर इंडिया की फ्लाइट से काठमांडू जाने की फिराक में था।