श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौटे दिल्ली के छात्रों का एक ग्रुप रविवार को हरकी पौड़ी में स्नान करने गया था।
इस दौरान ग्रुप के दो छात्रों नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। एक छात्र अमित तिवारी निवासी वाराणसी का शव पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बरामद कर लिया। जबकि एक अन्य छात्र राकेश जहांगीर निवासी नागौर (राजस्थान) की तलाश जारी है।
ग्रुप में शामिल छह अन्य छात्र सुरक्षित हैं। सभी छात्र नई दिल्ली में स्कूल आफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर में द्वितीय एवं अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'गर्भवती हूं, शादी कर लो'...और प्रेमी संग मिली लाश
हरकी पौड़ी पर मौजूद अभिषेक, अनीश और जोगींदर सभी निवासी दिल्ली ने बताया कि शनिवार शाम को वे दोस्तों सहित नई दिल्ली से जम्मू पहुंचे थे। यहां से सभी दोस्त श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन को चले गए थे।
रविवार दोपहर को वे सभी जम्मू पहुंच गए। उन्हें शाम को पूजा एक्सप्रेस ट्रेन से वापस दिल्ली रवाना होना था। काफी गर्मी होने के कारण सभी दोस्त हरकी पौड़ी में नहाने पहुंच गए।
पानी के बीच जाकर एक पत्थर पर बैठे कि अचानक एक बड़ी लहर आई। अमित और राकेश सहित अन्य साथी भी पानी में गिर पड़े। किसी तरह छह लोग तवी के दूसरी ओर पहुंच गए। पर अमित और राकेश का कोई पता नहीं चला।
यह भी पढ़ें: जानलेवा हमले में युवक बाल-बाल बचा
उन्होंने शोर मचाया तो अन्य लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान अमित का शव बरामद कर लिया गया। दिल्ली निवासी छात्रों ने बताया कि उन्होंने नई दिल्ली में कालेज प्रबंधन को भी सूचना दे दी है।
उन्हें नहीं पता कि डूबे साथियों के अभिभावकों के क्या नाम हैं। पुलिस के अनुसार सामान से मिले आईकार्ड में भी कालेज व छात्रों के ही नाम हैं।
एसएसपी जम्मू अतुल कुमार ने बताया अंधेरा होने के कारण रात को तलाशी अभियान रोक दिया गया। सोमवार तड़के दोबारा राज्य आपदा बचाव फोर्स के सहयोग से दूसरे छात्र की तलाश की जाएगी।