सोमवार को मौसम का मजा लेते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत में हल्का से मध्यम कोहरा रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो गया। अमृतसर, हिसार, सुल्तानपुर और दिल्ली के पालम में सुबह के समय दृश्यता 50 मीटर से नीचे दर्ज की गई। वहीं, बरेली और लखनऊ में दृश्यता 200 मीटर के नीचे दर्ज की गई। हालांकि दिन में हवा की स्पीड थोड़ी बढ़ी और मौसम साफ हुआ। दिन में रविवार के मुकाबले दिल्ली का पारा 7 डिग्री की वृद्धि के साथ सामान्य से 2 डिग्री ऊपर 22.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिन पूर्वी यूपी को छोड़कर बाकी मैदानी इलाकों में कोहरा घटेगा। जिससे दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर पचिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण रात की सर्दी बढ़ेगी। लेकिन 28 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर कश्मीर क्षेत्र में प्रभावित करने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण 29-30 दिसंबर को दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। कई जगह दृश्यता 50 मीटर से भी नीचे तक गिरेगी।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पुराने साल की विदाई कोहरे में होगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आसपास रहेगा, बाकी अगले पांच दिन में 9-10 डिग्री के आसपास रहेगा। तो वहीं अधिकतम तापमान 23 डिग्री के इर्द-गिर्द ही रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को न्यूनतम तापमान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में ज्यादातर जगह तो पश्चिम यूपी में कुछ जगह 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, लेकिन सामान्य से ऊपर रहा। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान सबसे नीचे 3 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में हवा में नमी की मात्रा 55-100 फीसदी तक रही।