दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर पश्चिम भारत में शनिवार-रविवार को मौसम बिगड़ेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं भारी बर्फबारी के साथ ज्यादातर हिस्से में हल्की बर्फ पड़ेगी। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पश्चिम यूपी में हल्की बारिश होगी।
पंजाब और हरियाणा में कहीं-कहीं बिजली गरजने के साथ-साथ ओले भी गिरने की भविष्यवाणी मौसम विभाग ने विशेष बुलेटिन जारी करके की है। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार देर रात एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में आ रहा है।
जो मैदानी इलाकों को 4-5 फरवरी को प्रभावित करेगा। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार से शनिवार सुबह तक हल्की बारिश या बर्फबारी होगी। शनिवार व रविवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में बर्फबारी की संभावना है। कहीं-कहीं बर्फबारी 64 मिमी से ज्यादा भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को पूर्वी यूपी में कुछ जगह और पंजाब में कहीं-कहीं बहुत घना कोहरा रहा। उत्तराखंड और पश्चिम यूपी में कई जगह घना, पंजाब और दिल्ली में छिछला से मध्यम कोहरा रहा। न्यूनतम तापमान जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड सहित उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। हिसार का न्यूनतम तापमान सबसे नीचे 5.6 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 3-5 डिग्री तक ऊपर दर्ज किया गया।