वर्ष 2013 के हैदराबाद बम धमाके मामले में फांसी की सजा पाए इंडियन मुजाहिदीन के आतंकी यासिन भटकल को बृहस्पतिवार को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली की तिहाड़ जेल लाया गया है। दिल्ली की अदालत ने उसके खिलाफ पेशी वारंट जारी किया था। दिल्ली में यासिन के खिलाफ जामा मस्जिद इलाके में बम धमाके सहित कई अन्य मामलों की सुनवाई चल रही है।
बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा केे बीच उसे हैदराबाद से अन्य सहयोगियों के साथ तिहाड़ जेल लाया गया। उसे तिहाड़ के हाई सिक्योरिटी सेल में रखा गया है। उस पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जा रही है। साथ ही उस पर 24 घंटे नजर रखने के लिए दो लोगों को तैनात किया गया है। उसके पास किसी को भी जाने की अनुमति नहीं दी गई है। खाना भी उसे सेल में ही दिया जा रहा है।
उसकी सुरक्षा के मद्देनजर तिहाड़ जेल की भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। तिहाड़ जेल के महानिदेशक सुधीर यादव ने बताया कि यासिन भटकल व उसके सहयोगियों को ट्रांजिट रिमांड पर जेल में लाया गया है। दिल्ली की अदालत में उनके खिलाफ चल रहे मामले में उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। सुनवाई पूरी होने के बाद सभी को वापस हैदराबाद जेल भेज दिया जाएगा।
एनआईए की विशेष अदालत ने हैदराबाद बम धमाके में इंडियन मुजाहिदीन के सह-संस्थापक यासिन भटकल सहित पांच आतंकियों को फांसी की सजा सुनाई थी। अदालत ने भटकल के अलावा जिया-उर-रहमान, असदुल्ला अख्तर उर्फ हड्डी, तहसीन अख्तर उर्फ मोनू और एजाज शेख को दोषी ठहराया था। गौरतलब है कि हैदराबाद के दिलसुख नगर इलाके में 21 फरवरी 2013 की शाम दो धमाके हुए थे। इन धमाकों में 17 लोग मारे गये थे जबकि 131 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।