अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण जिला पुलिस के वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो और वीडियो डालकर दहशत फैलाने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इंस्टाग्राम की मॉनिटरिंग के जरिए संगम विहार निवासी यामीन (20) उर्फ डेविल और नेब सराय निवासी धर्मवीर कामती (26) उर्फ रावण को दबोचा।
दक्षिण जिला डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार, इंस्टाग्राम में आरोपी यामीन 'yameen_devil_01' और 'kamti_jii_007_' जैसी आईडी से हथियारों और चाकुओं के साथ अपनी फोटो पोस्ट कर रहा था। वह स्थानीय अपराधियों और फिल्मी गैंगस्टरों से प्रेरित होकर अपनी खौफनाक छवि बनाना चाहता था। एएटीएस प्रभारी उमेश यादव की टीम ने 27 मार्च की रात उसे बांध रोड से एक देसी पिस्तौल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यामीन ने यह हथियार 'रावण' नाम के व्यक्ति से लिया था। पुलिस ने जाल बिछाकर 29 मार्च की रात साकेत के पुष्प विहार इलाके से धर्मवीर कामती उर्फ रावण को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से भी एक अवैध पिस्तौल बरामद हुई है। पुलिस अब इनके अन्य संपर्कों और हथियारों के स्रोत की जांच कर रही है।