अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली में छात्रों की मानसिक सेहत और कल्याण को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। एम्स प्रशासन ने स्टूडेंट वेलनेस विंग के लिए क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट के दो नए पद स्वीकृत करने की मंजूरी दे दी है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने इन पदों के सृजन को स्वीकृति दी है। दोनों पद पे लेवल-10 के होंगे।
एम्स में बढ़ते शैक्षणिक दबाव और प्रतिस्पर्धा के बीच छात्रों में तनाव, चिंता और डिप्रेशन के मामले सामने आते रहे हैं। स्टूडेंट वेलनेस विंग का गठन इसी को ध्यान में रखकर किया गया था। नए क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट की नियुक्ति से छात्रों को काउंसलिंग, थेरेपी और मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर तरीके से मिल सकेंगी।