ग्रेटर नोएडा स्थित गांव से दिवाली मनाकर लौट रहे दिल्ली निवासी दो भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा गाजियाबाद नगर कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित हिंडन नदी के पुल पर हुआ।
एक वाहन ने बाइक सवार भाइयों को टक्कर मारी, जिससे वह गिर गए। इसके बाद पीछे से आए वाहन ने दोनों के सिर कुचल दिए। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर वाहन चालकों की तलाश में जुट गई है।
मृतक राहुल शर्मा (24) पुत्र आनंद स्वरूप शर्मा और बिट्टू शर्मा (21) पुत्र विजेंद्र शर्मा हैं। दोनों दिल्ली के थाना करावल नगर के शिव विहार इलाके के रहने वाले थे।
राहुल एक कपडे़ की दुकान पर काम करता था और बिट्टू ड्राइवर था। नगर कोतवाल जय करण सिंह ने बताया कि दोनों तहेरे और चचेरे भाई थे और मूलरूप से ग्रेटर नोएडा के लडूकी भगवानपुर गांव के रहने वाले थे।