महरौली इलाके में दोस्तों के साथ राजा की बावड़ी में नहाने आए 24 वर्षीय अतुल की डूबने से मौत हो गई। वह शनिवार को दो दोस्तों के साथ आया था। 20 घंटे बाद रविवार को गोताखोरों ने उसका शव निकाला।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के साथ छत्तरपुर में रहने वाला अतुल एम्स में डाटा ऑपरेटर था। शनिवार शाम 4 बजे अतुल अपने दो दोस्तों अशोक और इरशाद के साथ राजा की बाबड़ी में नहाने पहुंचा। तीनों कपड़े उतारकर नहाने के लिए जाते कि अचानक अतुल और अशोक का पैर फिसल गया।
इरशाद ने दोनों के हाथ पकड़कर बचाने की कोशिश की, लेकिन वह अशोक का ही हाथ पकड़ पाया। अतुल पानी में डूब गया। इसके बाद दोनों बदहवास दोस्तों ने करीबियों को घटना की जानकारी दी।
आसपास के तैराक तुरंत अतुल को तलाशने पहुंचे, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। उसके बाद स्थानीय पुलिस व दमकल विभाग के गोताखोरों को सूचित किया गया। शनिवार को दस घंटे में भी कामयाबी नहीं मिली।
रविवार सुबह चारों ने फिर तलाश शुरू की। कुल 20 घंटे की मशक्कत के बाद शव को निकाल लिया गया। पुलिस साजिश के तहत हत्या के पहलू से भी जांच कर रही है।