दक्षिण जिला डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया कि डॉ. हंस नागर नागर एस्टेट फार्म हाउस नंबर-139 गदईपुर, फतेहपुरबेरी में परिवार के साथ रहते हैं। उनका मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन के पास हड्डियों का निजी अस्पताल है।
शनिवार रात वे अपनी कार से फार्म हाउस लौट रहे थे। करीब 11:30 बजे वे फार्म हाउस में घुसे, तभी दो बाइकों पर सवार चार बदमाश पीछे घुस आए। बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटना के समय वह कार में अकेले थे।
बताया जा रहा है कि मौके पर 35-40 गोलियां चलीं। डॉ. नागर को पेट और छाती में चार गोलियां लगी हैं। डॉ. नागर ने भी अपनी लाइसेंसी पिस्टल से 12-13 गोलियां चलाईं। रात करीब 1:05 बजे पुलिस को सूचना दी गई।
डॉ. नागर को वसंत कुंज स्थित फोर्टिज अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें गुुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल भेज दिया गया। डॉ. नागर की हालत गंभीर है।
हालांकि डीसीपी का कहना है कि उन्होंने अपने बयान में दो भाइयों जॉहन और रोन व चार अन्य लोगों पर गोली मारने का संदेह जताया है।
डॉक्टर का कहना है कि उनकी जवाबी फायरिंग में एक-दो हमलावरों को गोली लगी हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। फार्म हाउस के गेट पर गार्ड तैनात रहते हैं।