महिलाओं से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के आरोप में दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) को गिरफ्तार कर निलंबित कर दिया गया है। शनिवार रात पकड़े गए एसआई पुनीत ग्रेवाल (36) पर छेड़छाड़ के चार व पोक्सो का एक मामला दर्ज है। आरोपी बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार से वारदात करता था। फिलहाल उसकी तैनाती ट्रैफिक डीसीपी शंकर चौधरी के एसओ के तौर पर थी। द्वारका जिला डीसीपी संतोष कुमार मीणा ने एसआई की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
द्वारका इलाके में पिछले सप्ताह कई महिलाओं से छेड़छाड़ हुई थी। 17 अक्तूबर की सुबह करीब 9 बजे के आसपास डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से दशहरा ग्राउंड जाने वाली सड़क पर तीन महिलाओं से छेड़छाड़ हुई थी। तीन में से दो मामलों में लड़कियां साइक्लिंग कर रही थीं। एक मामले में लड़की को कार में खींचने की कोशिश की गई थी। तीनों पीड़िताओं ने उसी दिन मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। द्वारका (साउथ) थाना पुलिस मामला दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
वारदात के बाद द्वारका की महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिला डीसीपी संतोष कुमार मीणा से मिला था। महिलाओं ने कहा था कि छेड़छाड़ से क्षेत्र में सुबह और शाम के समय घूमने वाली महिलाओं में दहशत है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी एसआई पुनीत ग्रेवाल को शनिवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। द्वारका जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को शनिवार को ही कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।